सिरोही – (रमेश टेलर) शिवगंज के आखरिया चौक क्षेत्र में एक निजी भवन की दीवार पर लिखे गए “भोपा भगाओ, सिरोही बचाओ” नारे के मामले में पुलिस द्वारा एक युवक को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर बाद में जेल भेजे जाने के विरोध में सोमवार को पूर्व विधायक संयम लोढ़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं माली समाज के लोगों ने पुलिस थाने के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आमजन ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रकट करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। यदि जनता किसी जनप्रतिनिधि से नाराज है या उसके कार्यों से असंतुष्ट है तो वह अपने विचार व्यक्त कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए नागरिकों के अधिकारों का दमन कर रही है और राजनीतिक दबाव में निर्दोष लोगों को जेल भेजा जा रहा है।
लोढ़ा ने कहा कि किसी व्यक्ति द्वारा दीवार पर “भोपा भगाओ, सिरोही बचाओ” लिखना उसकी भावनाओं और असंतोष की अभिव्यक्ति हो सकती है। ऐसे मामले में किसी निर्दोष युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजना न्यायसंगत नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में सिरोही जिले का विकास पूरी तरह ठप हो गया है तथा पूर्व में स्वीकृत महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए भी पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे आमजन में नाराजगी है।
“दम है तो मुझे गिरफ्तार कर दिखाओ”
अपने संबोधन के दौरान लोढ़ा ने अभिषेक की गिरफ्तारी को पूरी तरह अनुचित बताते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं भी मंच से “भोपा भगाओ, सिरोही बचाओ” का नारा लगाया है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें दम है तो उन्हें गिरफ्तार करके दिखाएं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के बाद लोढ़ा कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस थाने के मुख्य द्वार तक पहुंचे और वहां भी गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक पुष्पेंद्र वर्मा ने उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मामले की अलग से जांच करवाई जा रही है। आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी थाने के मुख्य द्वार से हट गए।

मानव श्रृंखला बनाकर जताया विरोध
नगर कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं माली समाज के लोग शामिल हुए। अंबे माता मंदिर के सामने प्रदर्शनकारियों ने मानव श्रृंखला बनाकर नारेबाजी की और युवक की गिरफ्तारी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म रहा।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव निंबाराम गरासिया, हरिशंकर मेवाड़ा,मोहनलाल सीरवी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष हनवंत सिंह मेड़तिया, प्रकाश राज मीणा, प्रवीण रावल, कुशल सिंह देवड़ा, हरीश राठौड़, सुरेश सिंह राव, चम्पालाल तीरगर, नारायणलाल रावल, पूर्व प्रधान अचलाराम माली, नजमा सिलावट, ऊषा देवासी, समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहें।

