नवसृजन रोहट के तहत अमर ज्योति एसबीएन स्कूल का भव्य शुभारंभ,
अमर ज्योति एसबीएन स्कूल रोहट का उद्घाटन एवं पुनः आरंभ समारोह सम्पन्न,
भाद्राजून। अमर ज्योति एजुकेशन ग्रुप भाद्राजून के तत्वावधान में नवसृजन रोहट अभियान के अंतर्गत अमर ज्योति एसबीएन स्कूल रोहट का उद्घाटन एवं पुनः आरंभ समारोह रविवार को उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, शिक्षा प्रेमियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में श्री सुभद्राअर्जुन धाम भाद्राजून के महामंडलेश्वर संतोष भारती महाराज महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। जिनके आशीर्वचनों ने आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित एवं पाली विधायक भीमाराम भाटी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, जिला प्रमुख रश्मिसिंह रोहटगढ़ तथा रोहट प्रधान सुनीता कंवर राजपुरोहित ने की। प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

ठाकुर सिद्धार्थसिंह रोहट ने अपने संबोधन में गतिविधियों आधारित शिक्षण एवं ‘कर के सीखने’ की पद्धति पर बल देते हुए कहा कि गुरुकुल शिक्षण परंपरा आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने नर्सरी स्तर से ही स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा भारतीय संस्कृति की परंपराओं को बनाए रखने की आवश्यकता बताई।
गोराष्ट्र कवि ललित राजपुरोहित ने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया ने वर्तमान शिक्षण व्यवस्था को प्रभावित किया है, ऐसे समय में संस्कारों से सिंचित शिक्षा ही व्यक्ति का सर्वांगीण विकास कर सकती है। उन्होंने माता-पिता की सेवा को जीवन का सर्वोपरि कर्तव्य बताया।
रोहट प्रधान सुनीता कंवर राजपुरोहित ने शिक्षा को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि अच्छा व्यक्ति बनना शिक्षा से ही संभव है तथा विद्यालय में बच्चे का भविष्य शिक्षक पर निर्भर करता है। उन्होंने वर्तमान समय में नैतिक शिक्षा की आवश्यकता पर जोर देते हुए महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया और कहा कि महिलाएं एक-दूसरे का सहयोग करें तभी समाज में वास्तविक प्रगति संभव है।
मुख्य अतिथियों ने अपने उद्बोधन में शिक्षा को समाज एवं राष्ट्र विकास की सशक्त नींव बताते हुए अमर ज्योति एजुकेशन ग्रुप की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में राष्ट्रकवि ललित राजपुरोहित ने ओजपूर्ण कविताओं के माध्यम से शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया, वहीं जोधपुर के मारवाड़ी कॉमेडियन पंकज शर्मा ने हास्य-व्यंग्य के जरिए बच्चों को आनंदपूर्वक सीखने की प्रेरणा दी।
अमर ज्योति एजुकेशन ग्रुप के संस्थापक एवं नवाचार विशेषज्ञ हनुमानसिंह बिठू ने आधुनिक एवं संस्कारयुक्त शिक्षण प्रणाली पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता व्यक्त की। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन रमेश मालवीय ने किया। अंत में विद्यालय निदेशक सुरेश राजपुरोहित ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह आयोजन रोहट क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा, नई ऊर्जा एवं नवचेतना का संदेश देकर गया।

