भीनमाल रीको की बदहाल सड़क , पुर्व विधायक देवल ने उठाई मांग, उद्योग मंत्री राठौड़ को लिखा पत्र

भीनमाल । रानीवाड़ा के पूर्व विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता नारायण सिंह देवल ने भीनमाल रीको औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर हो चुकी सड़कों के मुद्दे पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। देवल ने राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह जी राठौड़ को एक कड़ा पत्र लिखकर सड़कों के अविलंब नवीनीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग उठाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रीको क्षेत्र की सड़कें अब चलने लायक नहीं बची हैं, जिससे बड़े हादसे का डर बना रहता है।

पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल ने बताया कि हाल ही में रीको औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर अपनी व्यथा सुनाई थी। उद्यमियों का कहना है कि सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त और जीर्ण-शीर्ण हो चुकी हैं, जिससे माल के परिवहन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन कामगारों और वाहनों के आवागमन में होने वाली परेशानियों को देखते हुए देवल ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। पत्र के माध्यम सेi नारायण सिंह देवल ने एक चौंकाने वाला तथ्य उजागर किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में रीको क्षेत्र की स्थापना के समय ही सड़कों का निर्माण हुआ था। पिछले 23 वर्षों से सड़कों की न तो मरम्मत हुई और न ही नवीनीकरण कराया गया। वर्तमान में इस क्षेत्र में 2000 से अधिक औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। हजारों वाहनों के आवागमन के बावजूद सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को खुला निमंत्रण दे रहे हैं। उन्होंने अपने पत्र में संदर्भ देते हुए याद दिलाया कि इससे पहले भी वे 1 जनवरी 2025 को पत्र लिखकर इस ओर ध्यान दिला चुके हैं। देवल ने मंत्री महोदय से आग्रह किया है कि रीको औद्योगिक क्षेत्र भीनमाल की आर्थिक महत्ता को देखते हुए सड़कों के नवीनीकरण के लिए तुरंत प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति जारी करने के आदेश प्रसारित करें।

error: Content is protected !!