◆ “आत्मनिर्भर भारत केवल नारा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में जनभागीदारी का संकल्प है” — विधायक राजपुरोहित
आहोर। आहोर विधानसभा क्षेत्र के विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने रविवार को “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के तहत पंचायत समिति सभागार, आहोर में आयोजित विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम के साथ हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रभर से आए भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अपने संबोधन में विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत” केवल एक नारा नहीं, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी का सशक्त संकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।

विधायक राजपुरोहित ने बताया कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने, युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है। इस अवसर पर जिला प्रभारी महेन्द्र बोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित, पूर्व मंत्री भूपेन्द्र देवासी, श्रीमती शशी कंवर, मिश्रीमल मेघवाल, जिला महामंत्री बंशीलाल सुथार, पुखराज वीराना, मंडल अध्यक्ष किशोर सिंह सहित अनेक जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा के दौरान ग्राम विकास, कृषि, शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी नवाचार जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को साकार करने का संकल्प दोहराया।

			