नव-नियुक्त कर्मियों का सम्मान, साथ ही एचपीवी टीकाकरण अभियान की हुई शुरुआत
सिरोही – रमेश टेलर
पनिहारी गार्डन में जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न विभागों में चयनित नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को चयन पत्र प्रदान करना एवं उनका उत्साहवर्धन करना रहा।
इस अवसर पर राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन अजमेर में किया गया, जहां देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सहभागिता करते हुए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम को लाइव प्रसारण के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों से जोड़ा गया, जिसमें सिरोही जिले के प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिले में आयोजित रोजगार उत्सव का नोडल विभाग चिकित्सा एवं स्वास्थ्य रहा । जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी के निर्देशन में कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। सीएमएचओ डॉ. खराड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर जिले में कुल 171 नव-नियुक्त कर्मियों को वेलकम किट वितरित किए गए। इनमें चिकित्सा विभाग के 49, शिक्षा विभाग के 16, राजस्व विभाग के 39, पशुपालन विभाग के 10 सहित अन्य विभागों के कार्मिक शामिल रहे। सभी नवचयनित कर्मियों को जनसेवा के प्रति समर्पण एवं ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा दी गई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी, एडीएम डॉ राजेश गोयल, जिला परिषद सदस्य एवं स्वच्छता समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह माण्डानी, एसडीएम हरिसिंह देवल, तहसीलदार जगदीश सिंह, एसीईओ शैलेंद्र जोशी , संयुक्त निदेशक डीओआईटी गोविन्द चौधरी , प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज डॉ मलकेश मीणा , आरसीएचओ डॉ रितेश सांखला सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। मंच संचालन का दायित्व कार्तिकेय शर्मा ने संभाला जिन्होंने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य दिलीप सिंह माण्डानी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाएं केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर, उत्तरदायी एवं सशक्त नागरिक बनाने की दिशा में ठोस प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय रोजगार उत्सव पारदर्शी और मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया का प्रतीक है, जिससे योग्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा विभाग के परिवार कल्याण क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएचसी स्वरूपगंज, पीएचसी मोहब्बत नगर, ग्राम पंचायत आल्पा, मूंगथला, धनारी, वरमान एवं खाम्बल को पचास हजार रुपए का चेक, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
एचपीवी टीकाकरण अभियान
प्रधानमंत्री द्वारा अजमेर से एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत के साथ ही यह अभियान पूरे देश में संचालित किया गया । इस टीकाकरण कार्यक्रम में लक्षित समूह 14 वर्ष आयु की वे बालिकाएं हैं, जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूर्ण कर लिया है, लेकिन अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं। इन्हीं बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जाएगा।

