मनरेगा ग्रामीणों की जीवनरेखा, इसे खत्म करने की साजिश बर्दाश्त नहीं” : लोढ़ा

मनरेगा बचाओ महाअभियान की शिवगंज ब्लॉक से शुरुआत, 10 गांवों में किया जनसंपर्क

सिरोही – (रमेश टेलर) प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ महाअभियान” के तहत पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने शनिवार को शिवगंज ब्लॉक से अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत लोढ़ा ने बड़गांव, केसरपुरा, वेरा जैतपुरा, ध्रूबाना, चूली, राड़बर, छीबा गांव, कलदरी, उथमण एवं पालड़ी एम गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों की बैठकों को संबोधित किया। लोढ़ा ने अपने संबोधन में मनरेगा कानून को खत्म करने के विरोध में कांग्रेस की ओर से किए जा रहे आंदोलन में सहयोग की अपील की गई।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए लोढ़ा ने कहा कि मनरेगा ने ग्रामीण परिवारों को उनके गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराया है, जिससे मजदूरों को शहरों में पलायन नहीं करना पड़ा। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 100 दिन का रोजगार कानूनी अधिकार के रूप में मिला और समय पर मजदूरी भुगतान की व्यवस्था हुई, जो गरीबों के लिए सुरक्षा कवच है।

लोढ़ा ने कहा कि मनरेगा से गांवों में तालाब, नाड़ियां, खेतों की मेड़, कच्ची सड़कें, चारागाह, जल संरक्षण संरचनाएं और वृक्षारोपण जैसे स्थायी विकास कार्य हुए हैं। इससे खेती को पानी मिला, पशुपालन को बढ़ावा मिला और गांवों की आधारभूत संरचना मजबूत हुई।

केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए लोढ़ा ने कहा कि यह सरकार मनरेगा को खत्म कर उसके स्थान पर “जी राम जी” योजना लाई है, जिसमें न तो रोजगार की कानूनी गारंटी है और न ही नियमित मजदूरी का भरोसा। इससे गरीब, मजदूर और महिला वर्ग को सबसे ज्यादा नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार मिला, जिससे वे आर्थिक रूप से मजबूत हुईं और परिवार की आय में योगदान दे सकीं, लेकिन नई योजना में महिलाओं के लिए ऐसे स्पष्ट प्रावधान नहीं हैं।
जनसंपर्क अभियान के दौरान लीला राम गरासिया जिलाध्यक्ष सिरोही कांग्रेस कमेटी,प्रवीण रावल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिवगंज, वेर सिंह देवड़ा, अध्यक्ष सरपंच संघ, डॉ हनवंत सिंह मेड़तिया नगर कांग्रेस अध्यक्ष शिवगंज, पदाधिकारियों समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!