रानीवाड़ा ! (टीकम पाल)
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कागमाला में नवीन शिक्षा सत्र 2026–27 के प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक छात्राओं को विद्यालय में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित करना रहा। इससे पूर्व प्रातःकाल सीबीईओ रानीवाड़ा द्वारा विद्यालय में नवप्रवेशित पच्चीस बालक बालिकाओं का माला पहनाकर व कक्षा दसवीं में 93.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अव्वल स्थान पर रहने वाली बालिका गुड़िया कंवर का साफा माला पहनाकर व पुरस्कार देकर सम्मान किया गया । छात्राओं को संबोधित करते हुए सीबीईओ मंजु प्रतिभा ने कहा कि आज के समय में शिक्षा ही सबसे बड़ी शक्ति है। बालिकाएं शिक्षा के माध्यम से अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकती हैं।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को विद्यालय भेजें और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करें। तत्पश्चात् प्रवेशोत्सव रैली को मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मंजू प्रतिभा द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया तथा श्रीमान महेन्द्र सिंह देवल प्रशासक ग्राम पंचायत कागमाला द्वारा रिबन काटकर रेली का शुभारंभ किया गया । कार्यक्रम में पीईईओ शैलेष कुमार , नेपाल सिंह देवल अध्यक्ष साक्षी फाउंडेशन कागमाला व दीपसिंह देवल खंड साक्षरता समन्वयक साथ में उपस्थित रहे l प्रधानाचार्य नारायण लाल जीनगर ने बताया की रैली में प्रवेशोत्सव बेनर, अव्वल विद्यार्थी बेनर, चार गाड़ी सहित रैली विद्यालय परिसर से प्रारम्भ होकर ग्राम के मुख्य मार्गों से होते हुए चाण्डपुरा गांव से पुनः विद्यालय पहुंची। इस दौरान छात्राओं ने “बालिका शिक्षा को बढ़ावा दें”, “बेटी पढ़ाओ, देश बढ़ाओ” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से ग्रामीणों को बालिका शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया। ग्रामीणों द्वारा जगह जगह रैली का गर्मजोशी के साथ पुष्प वर्षा द्वारा स्वागत किया गया। रैली के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी बेटियों को विद्यालय में प्रवेश दिलाकर उन्हें शिक्षा से जोड़ें, ताकि वे भविष्य में समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ नरेश पंवार, रमेश पंचाल व्याख्याता, महेंद्र देवासी, चेनाराम, सीता देवी शर्मा,लीलाराम गहलोत, विद्यार्थी एवं काफी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

