रुद्रेश्वर महादेव मंदिर की प्रतिष्ठा धूमधाम से सम्पन्न
संत रूपपुरी महाराज के सानिध्य में शिखर पर चढ़ी ध्वजा
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
सिरोही – (रमेश टेलर) बडगांव मार्ग स्थित रुद्राक्ष कॉलोनी में शनिवार को नवनिर्मित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर की प्रतिष्ठा समारोह श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर वोवेश्वर मंदिर के संत रूपपुरी महाराज के सानिध्य में मंदिर शिखर पर विधिवत ध्वजारोहण किया गया तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान की मूर्तियों की स्थापना सहित विविध धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए।
समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार संयम लोढ़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में लोढ़ा ने कहा कि व्यक्ति किसी भी क्षेत्र में कार्यरत हो, किंतु उसे सदैव धर्म की शरण में रहना चाहिए। जो व्यक्ति धर्म के मार्ग पर चलता है, वह जहां भी जाता है, वहां अपनी सुगंध बिखेरता है। उन्होंने कहा कि जब मनुष्य इस संसार में आता है तो उसके पास कुछ भी नहीं होता। तन के वस्त्र, नाम, प्रतिष्ठा और धन सब कुछ समाज का ही दिया हुआ है।
लोढ़ा ने समाज के प्रति उत्तरदायित्व का भाव जागृत करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी आय का एक हिस्सा समाज व जरूरतमंदों के कल्याण के लिए समर्पित करना चाहिए। जो व्यक्ति ऐसा करता है, उसके घर-परिवार में कभी लक्ष्मी की कमी नहीं रहती। उन्होंने कहा कि यदि धन समाज और दीन-दुखियों के काम नहीं आए, तो वह धन व्यर्थ है।लोढ़ा ने कबीरदास के दोहे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चिड़ी चोंच भर ले गई, नदी न घट्यो नीर। दान किए धन ना घटे, कह गए दास कबीर। अंत में लोढ़ा ने मंदिर प्रतिष्ठा के लिए सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए आयोजकों का आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका के पूर्व पालिकाध्यक्ष वजिंगराम घांची, पूर्व पार्षद प्रकाशराज मीणा, मालम सिंह, कुशल सिंह देवड़ा, नरेश बोराना, भरत सोनी, योगेश सोनी, रमेश भाटी, कमलेश बोराना, भंवर सिंह चंपावत, देवी सिंह सोलंकी, दिनेश कुमावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

