सर्वसम्मति से मगन प्रजापत बने जिला अध्यक्ष
समाज के पदाधिकारियों ने किया स्वागत एवं अभिनंदन
आगामी KPL टूर्नामेंट को लेकर बड़ी रणनीति, 17 मई को होगी विशाल बैठक
सिरोही रमेश टेलर
जिले में 16 परगना कुंभकार प्रजापति सेवा समिति की महत्वपूर्ण बैठक छात्रावास परिसर में जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समाज के विकास, संगठन को मजबूत बनाने और नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन पर विचार-विमर्श किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से मगन प्रजापत को जिला अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष एवं सचिव का समाज के पदाधिकारियों और युवाओं द्वारा समाज का दुपट्टा पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया गया।
बैठक में समाज के युवाओं को खेल और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से आगामी KPL टूर्नामेंट प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के पदाधिकारियों और युवाओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने का निर्णय लिया गया।
इसी क्रम में आगामी 17 मई, रविवार को आबूरोड के मानसरोवर किवरली में शाम 4:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक समाज की एक विशाल एवं ऐतिहासिक बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस बैठक में KPL टूर्नामेंट को भव्य और सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी तथा समाज हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा।
बैठक में समाज के बुजुर्गों, युवाओं, मातृशक्ति एवं समाज बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने का आह्वान किया गया।

