कांग्रेसियों ने केक काट कर मनाया राहुल गांधी का जन्मदिन

सिरोही – (रमेश टेलर) शिवगंज नगर काँग्रेस कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार एवं पूर्व विधायक संयम लोढ़ा के मुख्य आतिथ्य में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि राहुल गांधी का जन्मदिन केवल एक उत्सव का अवसर नहीं है, बल्कि उनके संघर्ष, विचारधारा और जनसेवा के संकल्प को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने राजनीति को कभी सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं माना, बल्कि इसे आमजन की आवाज बनने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने का माध्यम बनाया है।
उन्होंने नीट परीक्षा विवाद का उल्लेख करते हुए लोढ़ा ने कहा कि जब हजारों विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रश्नचिह्न लगा, तब राहुल गांधी जी ने युवाओं की आवाज बनकर उनकी चिंताओं को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि कोटा सहित देशभर के विद्यार्थियों की समस्याओं को समझते हुए राहुल गांधी जी ने यह मांग रखी कि परीक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिसमें मेहनत करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को न्याय और समान अवसर प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी का युवाओं के प्रति समर्पण केवल भाषणों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका उद्देश्य देश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर देना है।
अपने संबोधन के अंत में लोढ़ा ने कांग्रेसजनों से आह्वान किया कि वे राहुल गांधी के विचारों एवं जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जनता के मुद्दों के लिए निरंतर संघर्ष करें तथा समाज में प्रेम, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करें।
इस दौरान पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष शवजिंगराम घांची, नगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. हनवंत सिंह मेड़तिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण रावल, जिला कांग्रेस महासचिव कुशल देवड़ा, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश मीणा एवं एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्री चंपालाल तिरगर ने भी संबोधित किया।

error: Content is protected !!