सिरोही: पूर्व विधायक संयम लोड़ा ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर सिरोही शहर से प्रस्तावित NH-168 बाईपास के एलाइनमेंट पर पुनर्विचार की मांग उठाई।
लोड़ा ने मंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान प्रस्तावित बाईपास शहर की आबादी के बेहद नजदीक से गुजर रहा है, जो जनहित में उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इससे यातायात टकराव और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है।
उन्होंने मास्टर प्लान 2031 के अनुरूप नए बाईपास को स्वीकृति देने का आग्रह करते हुए बताया कि मौजूदा एलाइनमेंट की लागत 187 करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि मास्टर प्लान के अनुसार प्रस्तावित बाईपास की लागत करीब 84 करोड़ रुपये है, जो अधिक व्यवहारिक और सुरक्षित विकल्प है।
इसके साथ ही संयम लोड़ा ने अंतिम निर्णय होने तक भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को रोकने की भी मांग रखी।
बैठक में जालौर-सिरोही मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि संबंधित विभाग से NOC मिलने पर इसे राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया जा सकता है।
पूर्व विधायक संयम लोड़ा की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात, NH-168 बाईपास को लेकर उठाई अहम मांग

